भारत ने स्वदेशी रूप से विकसित प्रलय मिसाइल का ओडिशा तट के पास सफल उड़ान परीक्षण किया है. रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने 5 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11:10 बजे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से यह परीक्षण किया. यह यूजर इवैल्यूएशन ट्रायल का हिस्सा था.

रक्षा मंत्रालय के अनुसार परीक्षण के सभी निर्धारित उद्देश्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया गया. चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (ITR) में लगाए गए विभिन्न रेंज इंस्ट्रूमेंट्स से मिले आंकड़ों ने मिसाइल के प्रदर्शन की पुष्टि की. मंत्रालय ने कहा कि इस सफल परीक्षण के बाद प्रलय सिस्टम का सशस्त्र बलों में शामिल होना अब करीब है.

150 से 500 किलोमीटर तक मारक क्षमता

प्रलय कम दूरी की, सतह से सतह पर मार करने वाली क्वासी-बैलिस्टिक मिसाइल है. यह पारंपरिक वॉरहेड ले जाने में सक्षम है. इसकी मारक क्षमता 150 से 500 किलोमीटर के बीच बताई गई है, जबकि यह 500 से 1,000 किलोग्राम तक का पेलोड ले जा सकती है. मिसाइल में सॉलिड प्रोपेलेंट तकनीक और उन्नत गाइडेंस व नेविगेशन सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है.

सिस्टम में अलग-अलग श्रेणी के लक्ष्यों को निशाना बनाने के लिए कई प्रकार के वॉरहेड ले जाने की क्षमता भी है. इसका विकास हैदराबाद स्थित रिसर्च सेंटर इमारत ने DRDO की अन्य प्रयोगशालाओं के सहयोग से किया है. विकास-सह-उत्पादन साझेदार भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (BDL) ने सिस्टम का निर्माण किया है.

परीक्षण के दौरान DRDO के वरिष्ठ अधिकारी, रक्षा उद्योग के प्रतिनिधि और सशस्त्र बलों के सदस्य मौजूद रहे. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने DRDO, सशस्त्र बलों और उद्योग साझेदारों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि उन्नत तकनीकों से लैस यह मिसाइल उभरते खतरों से निपटने में सैन्य तकनीकी क्षमता और परिचालन तैयारियों को मजबूत करेगी.

रक्षा सचिव, रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और DRDO अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने भी परीक्षण से जुड़ी टीमों को बधाई दी. यूजर इवैल्यूएशन ट्रायल में प्रगति को प्रलय की परिचालन तैनाती और सशस्त्र बलों में संभावित शामिल किए जाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.