प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव और पूर्व प्रधान पवन यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, हंडिया थाना क्षेत्र में आरोपियों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीशीटर लल्ला यादव और निहाल को गोली लगी. दोनों को पकड़कर इलाज के लिए भेजे जाने की जानकारी दी गई है.

गिरफ्तार किए गए लोगों में एक प्रधान पति भी शामिल है. पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है. जांच में हत्या की वजह, साजिश में शामिल लोगों और वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका का पता लगाया जा रहा है. पुलिस ने बुधवार शाम 5:30 बजे मामले का आधिकारिक खुलासा करने की बात कही है.

कैसे हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार, पवन यादव मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी कार से हंडिया कस्बे पहुंचे थे. उन्होंने कर्मनाशा मोहल्ले में कार खड़ी की और पास के एक कैफे में चले गए. करीब दो घंटे बाद शाम 5:20 बजे जब वह कार की ओर लौटे, तभी बाइक सवार तीन लोगों ने उन पर हमला किया.

बताया गया है कि बाइक पर पीछे बैठे हमलावर ने नजदीक से गोली चलाई, जो पवन यादव की पीठ में लगी. घायल अवस्था में उन्हें पहले हंडिया के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. इसके बाद उन्हें टैगोर स्थित निजी अस्पताल से एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पवन यादव मुंगराव गांव के रहने वाले थे. वह सपा के जिला सचिव और पूर्व प्रधान रह चुके थे. पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद हत्या के कारण और आरोपियों की कथित भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी.