भारत में मानसून से पहले होने वाली ओलावृष्टि और असमय बारिश खेती के लिए बढ़ता जोखिम बन रही है. एक हालिया जलवायु विश्लेषण के अनुसार, मार्च से मई 2026 के दौरान कम से कम 7.3 लाख हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित हुआ. यह पिछले पांच वर्षों में प्री-मानसून अवधि का दूसरा सबसे बड़ा नुकसान है.
विश्लेषण में कहा गया है कि अप्रैल और मई 2026 में देश के 80 प्रतिशत दिनों में ओलावृष्टि समेत तेज आंधी-तूफान दर्ज किए गए. इन घटनाओं का असर 27 राज्यों तक पहुंचा और खड़ी फसलों को नुकसान हुआ.
मार्च से 7 अप्रैल के बीच केवल 38 दिनों में कम से कम 24 राज्यों में 29 दिन असमय बारिश या ओलावृष्टि की घटनाएं दर्ज की गईं. इस दौरान 13 राज्यों में करीब 6.27 लाख हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित होने का अनुमान सामने आया, हालांकि 11 अन्य राज्यों का आंकड़ा शामिल नहीं था.
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार में शुरुआती आकलन के मुताबिक क्रमशः 3.47 लाख, 2.05 लाख और 45 हजार हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ. विशेषज्ञों के अनुसार, रबी फसलों की कटाई से ठीक पहले होने वाली ओलावृष्टि किसानों की आय और खाद्य सुरक्षा, दोनों पर दबाव बढ़ाती है.
