राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की है. राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इन नियुक्तियों का प्रभाव संबंधित राज्यपालों के पदभार संभालने की तारीख से होगा.
नई नियुक्तियों के तहत सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल बनाया गया है. केरल के मौजूदा राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु का पूर्णकालिक राज्यपाल नियुक्त किया गया है.
किस राज्य में किसे जिम्मेदारी
ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. झारखंड से जुड़े आदिवासी नेता और पूर्व सांसद राम को ओडिशा में राज्यपाल पद रिक्त होने के बाद यह जिम्मेदारी दी गई है.
डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है. वह महेंद्रगढ़ से पूर्व बीजेपी सांसद और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की पूर्व सदस्य रह चुकी हैं. सुधा यादव कर्नाटक की दूसरी महिला राज्यपाल होंगी और वह कार्यकाल पूरा होने के बाद पद छोड़ रहे थावरचंद गहलोत की जगह लेंगी.
मध्य प्रदेश के वरिष्ठ बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वह लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लेंगे.
दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल बनाया गया है. बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद गौतम, ओम प्रकाश माथुर की जगह लेंगे.
माथुर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राजस्थान से पूर्व राज्यसभा सांसद हैं. उन्हें जुलाई 2024 में सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया था. आर्लेकर गोवा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और बिहार तथा हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल रह चुके हैं. जनवरी 2025 से वह केरल के राज्यपाल थे.
इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक, जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों के संदर्भ में देखा जा रहा है.
