स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण पर विभाग-संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने निजी अस्पतालों के संचालन और मौजूदा अस्पतालों के अधिग्रहण से जुड़े प्रत्यक्ष विदेशी निवेश यानी FDI नियमों की समीक्षा और युक्तिसंगत बनाने की सिफारिश की है. समिति ने चेतावनी दी कि विदेशी पूंजी के साथ निजी स्वास्थ्य क्षेत्र में बढ़ता कॉरपोरेटीकरण इलाज की लागत बढ़ा सकता है और स्वास्थ्य सेवाओं की किफायत प्रभावित हो सकती है.
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव की अध्यक्षता वाली समिति ने ‘सार्वजनिक और निजी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की वहनीयता और पहुंच’ पर अपनी 176वीं रिपोर्ट पेश की है. रिपोर्ट में अस्पतालों में विदेशी निवेश और चिकित्सा उपकरण, उपभोग्य सामग्री तथा दुर्लभ बीमारियों के लिए विशेष दवाओं के घरेलू विनिर्माण में निवेश के बीच अंतर करने पर जोर दिया गया है.
अस्पताल संचालन में विदेशी निवेश पर अधिक निगरानी का सुझाव
समिति के अनुसार, चिकित्सा उपकरणों, कंज्यूमेबल्स और दुर्लभ रोगों की दवाओं के निर्माण में विदेशी पूंजी को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए. हालांकि, अस्पतालों के सीधे संचालन और मौजूदा अस्पतालों के अधिग्रहण में विदेशी निवेश की कड़ी समीक्षा जरूरी है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि बड़े कॉरपोरेट समूहों द्वारा मध्यम आकार के अपेक्षाकृत कम लागत वाले अस्पतालों का अधिग्रहण स्वास्थ्य सेवाओं को सार्वजनिक सेवा से हटाकर अधिक पूंजी-केंद्रित कारोबार में बदल सकता है. समिति ने आशंका जताई कि इसका असर मेडिकल प्रक्रियाओं और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े पूरे पारिस्थितिकी तंत्र की कीमतों पर पड़ सकता है.
समिति ने सरकार से अस्पतालों के परिचालन प्रबंधन और मौजूदा स्वास्थ्य सुविधाओं के अधिग्रहण से जुड़े FDI प्रावधानों की समीक्षा करने को कहा है. साथ ही, विदेशी निवेश को घरेलू चिकित्सा प्रौद्योगिकी और दवा विनिर्माण की ओर मोड़ने के लिए प्रोत्साहन देने का सुझाव दिया गया है.
सरकारी अस्पतालों को बाजार नियामक की भूमिका देने की बात
रिपोर्ट में मजबूत सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को निजी क्षेत्र की कीमतों पर नियंत्रण रखने वाले कारक के रूप में विकसित करने की सिफारिश की गई है. समिति का कहना है कि बेहतर प्रबंधन वाले सरकारी अस्पताल लोगों को किफायती विकल्प दे सकते हैं और निजी अस्पतालों पर प्रतिस्पर्धी दबाव बना सकते हैं.
समिति ने हर राजस्व मंडल में स्वायत्त और बेहतर ढंग से संचालित सार्वजनिक बहु-विशेषता अस्पताल स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है. इससे मरीजों को तृतीयक उपचार के लिए बड़े शहरों की यात्रा करने की जरूरत कम हो सकती है.
रिपोर्ट में राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण के 80वें दौर के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा गया है कि निजी अस्पताल में भर्ती होने की औसत लागत 50,508 रुपये थी, जबकि सरकारी अस्पतालों में यह 6,631 रुपये रही. समिति ने निजी अस्पतालों में जरूरी उपचार, जांच और सामान्य प्रक्रियाओं की कीमतों को मानकीकृत करने और उनकी अधिकतम सीमा तय करने की व्यवस्था बनाने की भी सिफारिश की है.
छोटे शहरों में निवेश के साथ वहनीय इलाज की शर्त
समिति ने टियर-2, टियर-3 शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में बहु-विशेषता अस्पतालों के लिए टैक्स हॉलिडे, आसान ऋण, रियायती जमीन और कम दर वाली बिजली जैसे प्रोत्साहन देने का सुझाव दिया है. सार्वजनिक-निजी भागीदारी के जरिए कम सुविधा वाले इलाकों में आधुनिक चिकित्सा तकनीक और विशेषज्ञ सेवाएं पहुंचाने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है.
हालांकि, समिति ने स्पष्ट किया है कि सरकारी प्रोत्साहन पाने वाले निजी अस्पतालों को क्रॉस-सब्सिडी पर विचार करना चाहिए. इसके तहत अधिक भुगतान करने वाले मरीजों, जिनमें अंतरराष्ट्रीय मरीज भी शामिल हैं, से मिलने वाले राजस्व का इस्तेमाल गरीब मरीजों के इलाज में किया जा सकता है.
रिपोर्ट में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों के लिए निजी अस्पतालों में आरक्षित बिस्तरों का अनुपात 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने की सिफारिश की गई है. समिति ने कहा कि मौजूदा प्रावधानों का पालन कमजोर तरीके से हो रहा है.
समिति ने अस्पताल स्तर पर नैतिकता समितियां बनाने का सुझाव दिया है, जो पेशेवर शुल्क की समीक्षा कर सकें. सार्वजनिक-निजी भागीदारी परियोजनाओं की निगरानी मजबूत करने, छोटे शहरों में अस्पतालों के लिए सिंगल-विंडो मंजूरी व्यवस्था बनाने और पिछड़े तथा दूरदराज के जिलों में निजी अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के पैनल में अधिक शामिल करने की भी सिफारिश की गई है.
रिपोर्ट की मूल दिशा यह है कि निजी और विदेशी पूंजी को सार्वजनिक स्वास्थ्य निवेश का विकल्प नहीं, बल्कि पूरक माना जाए. समिति ने निवेश को इलाज की वहनीयता, भौगोलिक पहुंच और कमजोर वर्गों के लिए सेवाओं से जोड़ने पर जोर दिया है.
