सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सभी निजी सैटेलाइट टीवी चैनलों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है. मंत्रालय ने चैनलों से प्रोग्राम कोड का पालन करने, भड़काऊ या राष्ट्र-विरोधी भावनाओं को बढ़ावा देने वाले कंटेंट से बचने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने को कहा है.

मंत्रालय के अनुसार, इंटर-डिपार्टमेंटल कमेटी (IDC) ने कुछ चैनलों पर ऐसे कार्यक्रमों और कंटेंट की पहचान की, जो प्रोग्राम कोड के अनुरूप नहीं थे. एडवाइजरी में समाचार प्रसारण से जुड़े कई पहलुओं पर दिशानिर्देश दिए गए हैं.

लाइव ऑपरेशन और संवेदनशील विजुअल्स पर निर्देश

सुरक्षा बलों के आतंकवाद विरोधी अभियानों की लाइव कवरेज नहीं की जानी चाहिए. ऐसे ऑपरेशन की जानकारी केवल अधिकृत अधिकारी की ओर से अभियान समाप्त होने के बाद दी गई सूचना तक सीमित रखने को कहा गया है. संबंधित विजुअल्स दिखाने की जरूरत हो तो उन्हें टाइम-स्टैंप के साथ प्रसारित करने की सलाह दी गई है, ताकि उन्हें लाइव फुटेज न समझा जाए.

हिंसक, ग्राफिक या परेशान करने वाले दृश्यों के प्रसारण में संपादकीय विवेक बरतने को कहा गया है. अपराध और हिंसा की रिपोर्टिंग सत्यापित तथ्यों पर आधारित और संतुलित होनी चाहिए. सनसनीखेज प्रस्तुति, परेशान करने वाले दृश्यों को बार-बार चलाने और ऐसी रिपोर्टिंग से बचने को कहा गया है, जिससे गैरकानूनी व्यवहार सामान्य या प्रोत्साहित होता दिखे. जरूरत पड़ने पर ब्लर या मास्किंग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.

प्राकृतिक आपदाओं और बड़े हादसों की कवरेज में भी सत्यापित जानकारी देने तथा आवश्यक होने पर विजुअल्स पर टाइम-स्टैंप लगाने को कहा गया है. प्रसारण, ग्राफिक्स और डिजिटल प्रस्तुतियों में Survey of India का आधिकारिक भारत का नक्शा इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.

डिबेट, पीड़ितों की पहचान और AI को लेकर सावधानी

टीवी कार्यक्रमों और लाइव डिबेट में सांप्रदायिक या राष्ट्र-विरोधी भावनाओं को बढ़ावा देने वाली सामग्री से बचने को कहा गया है. चैनलों को पैनलिस्ट के चयन में सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर म्यूट, डिस्क्लेमर, कार्यक्रम रोकने या फीड बंद करने जैसे कदम उठाने की सलाह दी गई है.

यौन अपराधों के पीड़ितों की पहचान उजागर न करने के सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और संबंधित कानूनों का पालन करने को कहा गया है. इसमें नाम, फोटो, परिवार, स्थान या पहचान बताने वाली अप्रत्यक्ष जानकारी भी शामिल है.

AI और जनरेटिव AI का इस्तेमाल ग्राफिक्स या वर्चुअल न्यूज प्रेजेंटेशन में किया जा सकता है, लेकिन इसे सहायक भूमिका तक सीमित रखने को कहा गया है. मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि AI के इस्तेमाल से खबर की सटीकता, प्रामाणिकता और संवेदनशीलता प्रभावित नहीं होनी चाहिए. ब्रॉडकास्टर्स को रिव्यू सिस्टम मजबूत करने तथा कर्मचारियों के लिए नियमित प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की भी सलाह दी गई है.