कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक बातचीत के दौरान स्कूल के दिनों की वह घटना याद की, जब उन्होंने अपने चाचा संजय गांधी को लेकर की गई टिप्पणी पर एक सहपाठी को थप्पड़ मार दिया था. यह बातचीत उनकी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के साथ हुई थी, जिसका वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर साझा किया गया.
प्रियंका गांधी ने बताया कि 1977 के लोकसभा चुनाव में इंदिरा गांधी की हार के बाद परिवार को दूसरे घर में जाना पड़ा था. उस समय स्कूल में माहौल और बच्चों की प्रतिक्रियाएं भी बदल गई थीं.
उन्होंने याद करते हुए कहा कि एक लड़के ने उनसे कहा कि संजय गांधी जेल में हैं और उन्हें ‘चोर’ बताया. प्रियंका गांधी के मुताबिक, इस टिप्पणी पर उन्होंने उस लड़के को थप्पड़ मार दिया. लड़का रोते हुए शिक्षक के पास पहुंचा और इसके बाद प्रियंका को डांट सुननी पड़ी.
बातचीत में राहुल गांधी ने दोनों भाई-बहनों के स्कूल के स्वभाव में अंतर का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि प्रियंका नियमों का पालन करने वाली थीं, जबकि वह खुद सवाल पूछने और व्यवस्था को चुनौती देने वाले छात्र थे.
