कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने 1977 में इंदिरा गांधी की चुनावी हार के बाद स्कूल के दिनों का एक किस्सा साझा किया है. राहुल गांधी और सोनिया गांधी के साथ बातचीत के वीडियो में उन्होंने बताया कि एक बच्चे ने उनके चाचा संजय गांधी को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद उन्होंने उसे थप्पड़ मार दिया था.
प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव हारने के बाद परिवार एक अलग घर में चला गया था और उस समय घर का माहौल तनावपूर्ण था. स्कूल में एक छोटे बच्चे ने उनसे कहा कि उनके चाचा जेल में हैं और ‘चोर’ हैं. प्रियंका के मुताबिक, उन्होंने बच्चे को थप्पड़ मारा, जिसके बाद वह रोने लगा और शिक्षक ने उन्हें डांट लगाई.
बातचीत में राहुल गांधी ने दोनों भाई-बहनों के बचपन के स्वभाव में अंतर भी बताया. उन्होंने कहा कि प्रियंका नियमों का पालन करने वाली और व्यवस्थित थीं, जबकि वह खुद सवाल पूछने और व्यवस्था को चुनौती देने वाले स्वभाव के थे.
इंदिरा गांधी ने आपातकाल के बाद मार्च 1977 का लोकसभा चुनाव हारा था. बातचीत में दोनों ने उस दौर में स्कूल लौटने और परिवार पर पड़े राजनीतिक प्रभाव से जुड़ी यादें भी साझा कीं.
