भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रमुख वी. नारायणन ने कहा है कि निजी क्षेत्र की भागीदारी से तैयार किया जा रहा पहला PSLV लॉन्च के लिए तैयार है. PSLV-N1 को 2027 की पहली तिमाही, यानी मार्च तक, लॉन्च करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने यह जानकारी नई दिल्ली में आयोजित 5वीं इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्फ्रेंस में दी.
नारायणन के मुताबिक, पहले PSLV निर्माण का काम मुख्य रूप से ISRO की देखरेख में होता था. अब L&T और HAL के कंसोर्टियम को पांच PSLV रॉकेट बनाने की जिम्मेदारी दी गई है. ISRO की व्यावसायिक शाखा NewSpace India Limited (NSIL) ने सितंबर 2022 में इस कंसोर्टियम के साथ समझौता किया था. पांच रॉकेटों के निर्माण का अनुबंध 860 करोड़ रुपये का है.
उन्होंने कहा कि सरकार, ISRO और IN-SPACe स्टार्टअप्स के साथ मिलकर सैटेलाइट लॉन्च क्षमता बढ़ाने पर काम कर रहे हैं. नारायणन ने बताया कि भारत के पास फिलहाल कक्षा में 56 स्पेस एसेट्स हैं, जबकि संचार, नेविगेशन और पृथ्वी अवलोकन के लिए इससे कहीं अधिक परिसंपत्तियों की जरूरत होगी. उनके अनुसार, केवल सरकारी व्यवस्था के दम पर यह काम पूरा करना संभव नहीं है.
गगनयान मिशन पर ISRO प्रमुख का बयान
नारायणन ने गगनयान मिशन में देरी की बात से इनकार किया. उन्होंने कहा कि मिशन अंतिम चरण में है और रॉकेट समेत जरूरी प्रणालियां तैयार हैं. फिलहाल ऑर्बिटल मॉड्यूल पर काम चल रहा है और उपयुक्त अवसर मिलते ही इसे लॉन्च किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में भारत से 34 देशों के कम से कम 434 सैटेलाइट लॉन्च किए गए हैं. भारत 64 देशों के साथ अंतरिक्ष सहयोग कर रहा है. इसके अलावा ISRO और चंडीगढ़ स्थित Semiconductor Laboratory ने मिलकर Vikram-32 प्रोसेसर तैयार किया है, जिसे अब संबंधित सिस्टम में शामिल किया जाएगा.
