बॉम्बे हाईकोर्ट ने पुणे जिले में गणेशोत्सव के दौरान शराब की बिक्री पर लगाई गई 12 दिन की रोक पर महाराष्ट्र सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है. अदालत ने पूछा कि यह प्रतिबंध केवल पुणे में ही क्यों लगाया गया और इसके पीछे क्या तार्किक आधार है.
पुणे जिला कलेक्टर के आदेश के मुताबिक, 14 से 26 सितंबर 2026 तक शराब की बिक्री पर रोक और अन्य प्रतिबंध लागू किए गए हैं. प्रशासन ने इनका कारण सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बताया है.
मुख्य न्यायाधीश महेश चंद्र त्रिपाठी और न्यायमूर्ति अद्वैत सेठना की पीठ ने कहा कि शराब पीने वाला हर व्यक्ति सड़कों पर कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा नहीं करता. पीठ ने ऐसे व्यापक आदेशों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि किसी त्योहार के दौरान लोग उत्साह में शराब पी सकते हैं, लेकिन इससे यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि वे परेशानी खड़ी करेंगे.
अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि नियमित रूप से शराब पीने वालों को अचानक शराब न मिलने पर गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं और अस्पतालों पर दबाव बढ़ सकता है. पीठ ने राज्य सरकार के वकील से उचित निर्देश लेने को कहा है. सरकार को मामले पर अपना पक्ष बाद में रखने को कहा गया है.
