पुणे पुलिस ने केतन अग्रवाल की मौत के मामले में वडगांव मावल कोर्ट में 5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. पुलिस का दावा है कि केतन की मौत हादसा नहीं, बल्कि हत्या की साजिश का नतीजा थी. चार्जशीट में केतन की मंगेतर सिया गोयल, उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी और चेतन के दोस्त रितेश हांगे को आरोपी बनाया गया है. तीनों के खिलाफ लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्धारण अदालत में होगा.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चार्जशीट में WhatsApp चैट, तस्वीरें, मोबाइल फोन डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और गवाहों के बयान शामिल हैं. पुलिस ने मामले में करीब 80 से 85 लोगों के बयान दर्ज किए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों की पहचान परेड भी कराई जा चुकी है.

लोहागढ़ किले में मौत से शुरू हुई जांच

केतन 18 जून को सिया के साथ पुणे के लोहागढ़ किले गया था. वहां खाई में गिरने से उसकी मौत हुई थी. शुरुआती तौर पर इसे चट्टान के पास फोटो खींचते समय पैर फिसलने का हादसा माना गया. जांच के दौरान किले के टिकट काउंटर के पास लगे CCTV फुटेज में हुडी पहने एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया. पुलिस ने उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में की, जो सिया का कथित प्रेमी बताया गया है.

पुलिस के मुताबिक, चेतन ने अपनी लोकेशन छिपाने की कोशिश की. आरोप है कि उसने मोबाइल फोन कार्यालय में छोड़ दिया और सुबह करीब सात बजे से शाम 5:40 बजे तक इंटरनेट बंद रखा. हालांकि, जांच में सिया और चेतन के बीच हजारों कॉल और लंबी बातचीत सामने आने का दावा किया गया है.

ऑनलाइन सर्च और कथित पिछली कोशिश का जिक्र

चार्जशीट में सिया की ऑनलाइन सर्च हिस्ट्री को भी शामिल किए जाने की बात कही गई है. पुलिस के अनुसार, उसने इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड और अपराध तथा हादसों से जुड़ी जानकारियां खोजी थीं. उसने लोहागढ़ में 2025 में हुई एक महिला की पहाड़ी से गिरकर मौत से संबंधित जानकारी भी सर्च की थी.

पुलिस का आरोप है कि 14 जून को भी सिया केतन को लोहागढ़ ले गई थी और उसे चट्टान से धक्का दिया गया था. पुलिस के मुताबिक, केतन झाड़ी पकड़ लेने के कारण बच गया. 18 जून को उसे दोबारा वहां ले जाया गया, जहां उसकी मौत हुई.

रितेश हांगे पर कथित तौर पर बेंगलुरु में रहने वाले अपने दोस्त के जरिए सुपारी देकर हत्या कराने की कोशिश में मदद करने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, यह योजना अमल में नहीं आ सकी और उस व्यक्ति को मामले में गवाह बनाया गया है.