पुणे पुलिस ने केतन अग्रवाल की मौत से जुड़े मामले में अदालत में 5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. चार्जशीट में कथित तौर पर एक फेक Instagram अकाउंट बनाकर केतन को लोहगढ़ बुलाने की योजना का जिक्र है.
पुलिस के अनुसार, ‘माही’ नाम से बनाए गए इस अकाउंट में आरोपियों की पहचान वाली एक महिला की तस्वीर इस्तेमाल की गई थी. इसी अकाउंट से केतन को संदेश भेजे गए और 18 जून को सिया के लिए सरप्राइज बर्थडे प्लान के बहाने लोहगढ़ आने को कहा गया. चार्जशीट के मुताबिक, रितेश हांगे ने केतन को किले तक बुलाने के लिए यह अकाउंट बनाया था. घटना के बाद अकाउंट डिलीट कर दिया गया.
पुलिस की चार्जशीट में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने हत्या से जुड़ी फिल्में देखीं और साजिश की तैयारी के दौरान ChatGPT का इस्तेमाल किया. पुलिस से बचने के तरीकों को लेकर पॉडकास्ट सुनने का भी उल्लेख है.
सिया गोयल, चेतन चौधरी और रितेश हांगे इस मामले में न्यायिक हिरासत में हैं और पुणे की यरवदा सेंट्रल जेल में बंद हैं. चार्जशीट में लगाए गए आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत करेगी.
