पुणे पुलिस की ओर से अदालत में दाखिल 5,053 पन्नों की चार्जशीट के मुताबिक, केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपियों ने ‘माही’ नाम से एक फेक Instagram अकाउंट बनाया था. इसमें आरोपियों की जान-पहचान वाली एक महिला की तस्वीर इस्तेमाल की गई थी.
चार्जशीट के अनुसार, इसी अकाउंट से केतन को संदेश भेजे गए और 18 जून को सिया के लिए सरप्राइज बर्थडे प्लान के बहाने लोहगढ़ आने को कहा गया. पुलिस के मुताबिक, रितेश हांगे ने केतन को किले पर बुलाने के लिए यह अकाउंट बनाया था. घटना के बाद अकाउंट डिलीट कर दिया गया.
चार्जशीट में तैयारी का भी जिक्र
पुलिस के दावों के अनुसार, आरोपियों ने हत्या से जुड़ी फिल्में देखीं और साजिश की तैयारी के लिए ChatGPT का इस्तेमाल किया. चार्जशीट में यह भी कहा गया है कि उन्होंने पुलिस से बचने के तरीकों से जुड़े पॉडकास्ट सुने थे.
सिया गोयल, चेतन चौधरी और रितेश हांगे इस मामले में न्यायिक हिरासत में हैं. तीनों पुणे की यरवदा सेंट्रल जेल में बंद हैं. चार्जशीट में दर्ज आरोप अदालत में विचाराधीन हैं; इन आरोपों पर अंतिम निर्णय होना बाकी है.
