पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में उनके पिता विशाल अग्रवाल ने सिया गोयल के परिवार के सदस्यों की कथित भूमिका की जांच की मांग की है. उन्होंने आशंका जताई कि सिया के पिता, मां, भाई, चाचा और चाची भी कथित साजिश में शामिल हो सकते हैं. हालांकि, उन्होंने कहा कि चार्जशीट पढ़ने के बाद ही वह इस बारे में विस्तार से कुछ कहेंगे.
विशाल अग्रवाल ने मामले में जिम्मेदार लोगों को मृत्युदंड देने की मांग की है. उन्होंने अदालत से चार्जशीट की प्रति उपलब्ध कराने, सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराने और उज्ज्वल निकम को विशेष सरकारी वकील नियुक्त करने का अनुरोध किया है. इसके लिए उन्होंने सरकार से आवश्यक अधिसूचना जारी करने की भी अपील की है. उनके अनुसार, वह इन मांगों को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से संपर्क कर चुके हैं.
5,053 पन्नों की चार्जशीट में तीन आरोपी
पुणे ग्रामीण पुलिस ने शनिवार को वडगांव मावल अदालत में 5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की. इसमें सिया गोयल, चेतन चौधरी और रितेश हांगे को आरोपी बनाया गया है. तीनों न्यायिक हिरासत में हैं और पुणे की यरवदा सेंट्रल जेल में बंद हैं.
केतन और सिया की नवंबर 2025 में सगाई हुई थी. 18 जून को लोहगढ़ किले पर खाई में गिरने से केतन की मौत हुई. शुरुआत में इसे हादसा बताया गया था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को टिकट काउंटर के CCTV में दोनों के पीछे हुडी पहने एक व्यक्ति दिखाई दिया. पुलिस ने उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में की.
पुलिस के मुताबिक, चार्जशीट में घटना को हादसे के बजाय कथित हत्या की साजिश बताया गया है. इसमें 350-400 फुट गहरी खाई में गिरने, चेतन का मोबाइल कार्यालय में छूटने, सिया और चेतन के बीच हजारों कॉल्स तथा 14 जून को केतन को लोहगढ़ ले जाने से जुड़े दावों का उल्लेख है. ये आरोप अदालत में साबित होना बाकी हैं.
