पुणे पुलिस ने केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल के सुरक्षा काफिले को कथित तौर पर लापरवाही से ओवरटेक करने वाले 32 वर्षीय बाइक सवार के खिलाफ FIR दर्ज की है. घटना 13 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे शिवाजीनगर के संचेती चौक पर हुई.
पुलिस के मुताबिक, मोहोल का काफिला पुणे एयरपोर्ट से कोथरूड जा रहा था. इसी दौरान बाइक सवार ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए काफिले के एक वाहन को ओवरटेक किया और उसके रास्ते में आ गया. पुलिस ने कहा कि इस तरह की ड्राइविंग से काफिले, अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा पैदा हो सकता था.
शिवाजीनगर पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, आरोपी की मेडिकल जांच में घटना के समय उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई. उसके खिलाफ मोटर Vehicles Act की धाराओं 184, 185, 119 और 177 के तहत मामला दर्ज किया गया है. धारा 185 शराब या नशीले पदार्थ के प्रभाव में वाहन चलाने से संबंधित है.
पुलिस ने आरोपी को नोटिस देकर छोड़ दिया है. मामले की आगे जांच जारी है.
