पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ चल रहे ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान को पुलिस कार्रवाई से आगे बढ़ाकर रोकथाम, सामुदायिक निगरानी और उपचार से जोड़ने की योजना बनाई है. सरकार के अनुसार इसका उद्देश्य नशे की बिक्री पर रोक लगाना, नागरिकों के लिए शिकायत दर्ज कराना आसान बनाना और प्रभावित लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराना है.

मार्च 2025 से सितंबर 2026 के बीच एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने 61,824 एफआईआर दर्ज कीं और 81,433 लोगों को गिरफ्तार किया. इस अवधि में 3,918 किलोग्राम हेरोइन, 991 किलोग्राम अफीम, 47 टन पोस्त की भूसी, 1,416 किलोग्राम गांजा और 65 लाख टैबलेट-कैप्सूल जब्त किए जाने का दावा किया गया है. सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने के लिए पुलिस ने 79,293 सार्वजनिक बैठकें भी कीं.

स्कूलों और युवाओं पर फोकस

सरकार के मुताबिक 3,600 स्कूलों में 7.5 लाख छात्रों को 14 हफ्ते का नशा-विरोधी पाठ्यक्रम पढ़ाया जा रहा है. पहले चरण में 13 जिलों के करीब 25,000 शिक्षकों को संवेदनशील बनाने का लक्ष्य है, जिनमें 7,000 शिक्षक अमृतसर, तरनतारन और फाजिल्का में प्रशिक्षित किए जा चुके हैं. पाठ्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य संकट और नशे की शुरुआती आशंकाओं की पहचान पर जोर है.

करीब 1.25 लाख लोग लगभग 15,000 ग्राम और वार्ड डिफेंस कमेटियों से जुड़े हैं. इनमें 50,000 से अधिक सदस्यों को ‘नशा मुक्ति ऐप’ के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया गया है. सरकार के अनुसार, 1 मार्च 2025 से शुरू हेल्पलाइन पर 51,000 से अधिक सूचनाएं मिलीं, जिनसे 25,000 से ज्यादा गिरफ्तारियां हुईं.

पंजाब में फिलहाल 547 ओओएटी, 219 नशामुक्ति और 91 पुनर्वास केंद्र हैं. सरकारी केंद्रों में दाखिले 2024 के 12,200 से बढ़कर 2025 में करीब 34,000 हो गए.