पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज करते हुए मेनिफेस्टो कमेटी और चार्जशीट कमेटी का गठन किया है. पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद रहे हरभजन सिंह, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और वरिष्ठ वकील एचएस फुल्का को मेनिफेस्टो कमेटी में शामिल किया गया है.

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना को 13 सदस्यीय मेनिफेस्टो कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है. इस कमेटी में मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखड़ी, सतनाम सिंह संधू, राजिंदर गुप्ता और परमपाल कौर भी शामिल हैं. कमेटी का काम पंजाब के लिए भाजपा का चुनावी घोषणापत्र और पार्टी का विजन तैयार करना होगा.

भाजपा ने चार्जशीट कमेटी की कमान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को सौंपी है. इसमें इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, महारानी परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बाबू, सुशील रिंकू, गेजा राम, विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, एसएस चन्नी और जगमीत सिंह बराड़ को सदस्य बनाया गया है.

इन नियुक्तियों में आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए नेताओं की भूमिका पर खास ध्यान गया है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, राघव चड्ढा, हरभजन सिंह और राजिंदर गुप्ता मेनिफेस्टो कमेटी में हैं, जबकि संदीप पाठक, अशोक मित्तल और विक्रमजीत सिंह साहनी चार्जशीट कमेटी में शामिल हैं. पार्टी ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में कुछ और महत्वपूर्ण कमेटियों का गठन किया जा सकता है.