पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी के कथित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 11 अवैध पिस्तौल और 191 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.
यह कार्रवाई Anti-Gangster Task Force (AGTF) और तरनतारन पुलिस ने संयुक्त रूप से की. पुलिस के मुताबिक, अफरीदी को 8 नवंबर को इथियोपिया से भारत लाए जाने के बाद हुई पूछताछ से नेटवर्क के शूटरों और उनके मददगारों के बारे में सुराग मिले.
बरामद हथियारों में पांच 9mm पिस्तौल, पांच .30-बोर पिस्तौल और एक .32-बोर पिस्तौल शामिल हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन के अजैपाल सिंह, जसविंदर सिंह उर्फ मुंसी, करणवीर उर्फ करण, फिरोजपुर के रंजीत राणा और रंजीत सिंह उर्फ राणा के रूप में हुई है.
पुलिस का कहना है कि आरोपी 15 से अधिक आपराधिक मामलों में कथित रूप से शामिल रहे हैं. इनमें जबरन वसूली से जुड़े गोलीबारी के मामले भी शामिल हैं. जांच विदेशी हैंडलर्स, हथियार आपूर्तिकर्ताओं और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भूमिका पता लगाने पर केंद्रित है.
