पंजाब में सरकारी कर्मचारियों, खासकर मंत्रालयी कर्मचारियों, ने बुधवार 9 सितंबर को अपना पेन-डाउन आंदोलन वापस ले लिया. यह फैसला मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा के साथ बैठक के बाद लिया गया, जिसमें कर्मचारियों को अनुशासनात्मक कारण बताओ नोटिस वापस लेने का आश्वासन दिया गया.
कर्मारी संगठन संझा मुलाजिम मंच, पंजाब के नेता सुशील कुमार फौजी ने द हिंदू को बताया कि उन्हें नोटिस वापस लेने और ‘काम नहीं तो वेतन नहीं’ का फैसला लागू नहीं करने का आश्वासन मिला है.
कर्मचारियों ने मंगलवार 8 सितंबर को एक दिन की हड़ताल की थी. वे 27 अगस्त को विरोध के तौर पर लिए गए सामूहिक आकस्मिक अवकाश को सरकार की ओर से ‘अनधिकृत अवकाश’ बताए जाने वाले पत्र को वापस लेने की मांग कर रहे थे.
यह आंदोलन चंडीगढ़ और मोहाली के निदेशालयों के साथ-साथ राज्यभर के सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले संझा मुलाजिम मंच के आह्वान पर किया गया था. संगठन ने मांगें नहीं माने जाने पर 11 सितंबर तक हड़ताल जारी रखने की बात कही थी. इसके जवाब में राज्य सरकार ने ‘काम नहीं तो वेतन नहीं’ लागू करने का फैसला किया था.
पुरानी पेंशन और महंगाई भत्ते समेत कई मांगें
कर्मचारियों और सरकार के बीच विवाद 27 अगस्त से शुरू हुआ था, जब तीन लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर राज्यव्यापी हड़ताल शुरू की. इन मांगों में पुरानी पेंशन योजना बहाल करना, लंबित 18% महंगाई भत्ता जारी करना और संविदा कर्मचारियों को नियमित करना शामिल है.
मुख्यमंत्री भगवंत मान और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच प्रस्तावित बैठक उस समय रद्द हो गई थी, जब मुख्यमंत्री ने बातचीत से पहले हड़ताल वापस लेने की शर्त रखी थी.
सुशील कुमार फौजी के अनुसार, कर्मचारियों को उनकी अन्य मांगों पर जल्द मुख्यमंत्री के साथ बैठक तय किए जाने का भी आश्वासन मिला है.
