पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यालय से जुड़े एक अधिकारी पर लगे कथित रिश्वत सिंडिकेट के आरोपों की CBI जांच के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. राज्य सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के उस आदेश पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है, जिसमें CBI को मामले में FIR दर्ज कर जांच करने का निर्देश दिया गया था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राज्य सरकार ने अपनी याचिका में कहा है कि हाई कोर्ट के आदेश के आधार पर शीर्ष राजनेताओं और अधिकारियों के खिलाफ अपरीक्षित सामग्री पर FIR दर्ज होने से स्थिति अपरिवर्तनीय हो सकती है. राज्य की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने मामले की तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया. सुप्रीम कोर्ट ने याचिका को बुधवार या गुरुवार को सूचीबद्ध किए जाने की बात कही.

राज्य सरकार के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय के जालंधर क्षेत्रीय कार्यालय ने 30 जुलाई को पंजाब के DGP को करीब 150 पन्नों का पत्र भेजा था. इसमें आरोप लगाया गया था कि निहाल गोयल नामक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात एक OSD के माध्यम से तबादलों, नियुक्तियों, टेंडरों और नीतिगत फैसलों को प्रभावित किया. पत्र में कथित तौर पर ‘कैश फॉर ट्रांसफर-पोस्टिंग’, अनुकूल नीतियों और टेंडर से जुड़े लेनदेन का भी उल्लेख था.

पंजाब सरकार ने कहा कि राज्य पुलिस ने 3 अगस्त को प्रारंभिक जांच शुरू की और ED से पूरे रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के लिए 28 अगस्त, 2 सितंबर और 5 सितंबर को अनुरोध किया, लेकिन 7 सितंबर तक अपेक्षित सहयोग नहीं मिला.

राज्य का तर्क है कि पंजाब में CBI जांच के लिए सामान्य सहमति वापस ली जा चुकी है और हाई कोर्ट ने असाधारण परिस्थितियां स्पष्ट किए बिना एजेंसी को जांच सौंप दी. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के 2010 के फैसले के अनुसार, असाधारण मामलों में सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट राज्य की सहमति के बिना भी CBI जांच का आदेश दे सकते हैं.