पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने से वास्तव में कितना कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ, इसका आधिकारिक और मानकीकृत आकलन अभी तक अंतिम रूप नहीं ले सका है. भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) ने सूचना के अधिकार के तहत दिए जवाब में जले क्षेत्र के आंकड़ों को “असत्यापित” और “अंतिम रूप से तय नहीं” बताया है.

कृषि आग की गिनती और जले क्षेत्र का आकलन अलग-अलग चीजें हैं. उपग्रह से सक्रिय आग की गिनती तभी होती है, जब उसके गुजरने के समय आग दिखाई दे. इसके विपरीत, burnt-area mapping आग के बाद खेत में बने जले निशान को मापती है और छोटी या कम समय तक चलने वाली आग को भी पकड़ सकती है.

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने जनवरी 2024 में राष्ट्रीय रिमोट सेंसिंग सेंटर के तहत विशेषज्ञ समिति बनाई थी. समिति Sentinel-2 उपग्रहों की बहु-स्पेक्ट्रल तस्वीरों के आधार पर जले खेतों की पहचान की पद्धति तैयार कर रही है. यह प्रोटोकॉल अभी validation के चरण में है.

2025 के खरीफ और 2026 के रबी मौसम में हुई ground-truthing जांचों में उपग्रह आधारित नक्शों और जमीनी निरीक्षणों के बीच अंतर मिला. एक अधिकारी के अनुसार, टीमें उपग्रह से चिन्हित आधे से अधिक खेतों की आग को मौके पर पकड़ नहीं सकीं.

एक अध्ययन के मुताबिक 2018 से 2021 के बीच पंजाब में हर धान कटाई मौसम में औसतन 49.1 प्रतिशत धान क्षेत्र जला था. विशेषज्ञों का कहना है कि केवल सक्रिय आग की संख्या घटने से पराली जलाने में वास्तविक कमी साबित नहीं होती.