पंजाब में अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में शुक्रवार दोपहर आग लग गई. घटना फतेहगढ़ साहिब के साधुगढ़ और पटियाला के सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के बीच हुई. रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 12508 में आग करीब दोपहर 1:15 बजे लगी.

आग इंजन से जुड़े जनरल कोच में शुरू हुई और देखते ही देखते चार जनरल डिब्बे इसकी चपेट में आ गए. इनमें तीन कोच पूरी तरह प्रभावित हुए, जबकि चौथे कोच को आंशिक नुकसान पहुंचा. ट्रेन में यात्री सवार थे. आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग ट्रेन रुकते ही नीचे उतरकर खेतों की ओर चले गए. कुछ यात्रियों के ट्रेन से छलांग लगाने की भी जानकारी है.

सरकारी रेलवे पुलिस ने शुरुआती तौर पर कोच के पंखे में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण बताया है. हालांकि, आग की वास्तविक वजह की पुष्टि के लिए जांच की जाएगी. उत्तर रेलवे के अनुसार, सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन की सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय होने के बाद ट्रेन रुक गई.

अंबाला मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक यशनीत सिंह ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाना रेलवे की प्राथमिकता है. यात्रियों के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई है और उन्हें करीब 500 मीटर दूर स्थित निकटवर्ती स्टेशन तक पहुंचने को कहा गया. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल किसी यात्री के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है.