पंजाब में मेगा Parent-Teacher Meetings (PTM) के दौरान कथित वीडियो निर्देशों को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार और विपक्ष के बीच विवाद बढ़ गया है. शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि PTM को सरकारी योजनाओं के प्रचार का माध्यम बनाया जा रहा है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पंजाब State Council for Educational Research and Training (SCERT) की ओर से स्कूलों को PTM में शामिल माताओं से ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ पर प्रतिक्रिया लेने और उनके अनुभवों के वीडियो रिकॉर्ड करने के निर्देश दिए गए थे. स्कूलों से ऐसे कम से कम 10 वीडियो अपने सोशल मीडिया पेजों पर अपलोड करने को कहे जाने का भी दावा किया गया है.

मोहाली के कुछ सरकारी स्कूलों में अभिभावकों से योजना के बारे में बातचीत और वीडियो रिकॉर्ड किए जाने की रिपोर्ट सामने आई. विपक्ष ने सवाल उठाया कि स्कूलों और शिक्षकों का इस्तेमाल राजनीतिक प्रचार के लिए नहीं होना चाहिए.

इस बीच, पंजाब के सरकारी स्कूलों में आयोजित मेगा PTM में छात्रों की पढ़ाई, प्रदर्शन और सुधार की जरूरतों पर भी चर्चा हुई. सरकार के अनुसार, 9 अक्टूबर को राज्य के 19,200 सरकारी स्कूलों में करीब 21 लाख अभिभावकों ने भाग लिया. मोगा के भिम नगर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 827 विद्यार्थियों के अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी दी गई और बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रमाणपत्र दिए गए.