पंजाब में धान की कटाई के बाद पराली जलाने के 5,835 मामले सामने आए हैं. Commission for Air Quality Management (CAQM) की रिपोर्ट के अनुसार, ये घटनाएं राज्य के 23 जिलों में दर्ज की गईं. रिपोर्ट में शनिवार तक के आंकड़े शामिल हैं.

राज्यभर में 5,539 स्थानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 2,442 जगहों पर फसल अवशेष जलाने की पुष्टि हुई. प्रशासन ने 2,152 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा लगाया है. इसके तहत कुल ₹1,08,55,000 का जुर्माना लगाया गया, जिसमें से ₹40,40,000 की वसूली हो चुकी है.

पराली जलाने के मामलों में 1,834 FIR दर्ज की गई हैं और 2,015 मामलों में राजस्व रिकॉर्ड में ‘रेड एंट्री’ की गई. अधिकारियों के खिलाफ 35 मामलों में अभियोजन की प्रक्रिया शुरू हुई है. इसके अलावा, अलग-अलग स्तर के अधिकारियों को 1,607 चेतावनी और कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं.

पटियाला में 391 घटनाएं दर्ज हुईं. 356 स्थानों के निरीक्षण में 225 जगहों पर पराली जलाने की पुष्टि हुई. जिले में 166 मामलों में ₹8.35 लाख का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया, जबकि ₹3.10 लाख वसूल किए जा चुके हैं.

रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में धान की खेती का क्षेत्रफल 32.87 लाख हेक्टेयर है और शनिवार तक करीब 98 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई पूरी हो चुकी थी.