पंजाब में धान की पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की उच्चस्तरीय टीम ने शनिवार को संगरूर, पटियाला और मालेरकोटला जिलों का दौरा किया. आयोग ने अधिकारियों से कहा कि पराली प्रबंधन के लिए तय किए गए लक्ष्य जमीनी कार्रवाई में भी दिखाई देने चाहिए.

टीम ने संगरूर में जिला उपायुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, कृषि विभाग और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की फ्लाइंग स्क्वॉड के अधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान धान की पराली के प्रबंधन और खेतों में आग की घटनाएं रोकने की तैयारियों की समीक्षा की गई.

संगरूर के घराचों गांव में किसानों ने फसल अवशेष प्रबंधन मशीनरी के इस्तेमाल में आने वाली दिक्कतों की जानकारी दी. टीम ने बसीआरक, कपियाल और झनेरी गांवों का भी दौरा किया. मालेरकोटला के अहमदाबाद गांव में सुपर सीडर के जरिए पराली प्रबंधन का प्रदर्शन देखा गया. किसानों ने पराली नहीं जलाने और मशीनों से उसका प्रबंधन करने का भरोसा दिया.

मालेरकोटला की एक कागज और डुप्लेक्स बोर्ड इकाई ने बताया कि 20 टन प्रति घंटे की क्षमता वाले बॉयलर में सालाना करीब 17,000 मीट्रिक टन पराली ईंधन के रूप में इस्तेमाल की जाएगी. संगरूर के नदामपुर में टीम ने पराली से बायोमास पेलेट बनाने वाली इकाई का भी निरीक्षण किया.