लक्जरी फैशन प्लेटफॉर्म Pernia's Pop-Up Shop की पैरेंट कंपनी Purple Style Labs ने अपने IPO से पहले एंकर निवेशकों से करीब 306 करोड़ रुपये जुटाए हैं. कंपनी का 680 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम 31 अगस्त को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 2 सितंबर को बंद होगा.
BSE पर अपलोड किए गए कंपनी के सर्कुलर के अनुसार, Purple Style Labs ने 10 एंकर निवेशकों को 575 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 53.22 लाख इक्विटी शेयर आवंटित किए हैं. यह IPO के तय प्राइस बैंड का ऊपरी स्तर है.
546-575 रुपये का प्राइस बैंड
कंपनी ने IPO के लिए 546 से 575 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. निर्गम में केवल नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, यानी इसमें मौजूदा शेयरधारकों की ओर से कोई offer for sale (OFS) शामिल नहीं है.
प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण 4,600 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है. एंकर निवेशक आम तौर पर IPO खुलने से पहले शेयरों का आवंटन पाने वाले संस्थागत निवेशक होते हैं.
एंकर बुक में ICICI Prudential Mutual Fund, Jupiter India Fund, Aditya Birla Sun Life Insurance Company, ITI Mutual Fund, Singularity Equity Fund I, Integrated Core Strategies (Asia), Morgan Stanley Asia (Singapore) और BoFA Securities Europe SA ODI जैसे निवेशकों के नाम शामिल हैं.
IPO की रकम कहां खर्च करने की योजना
कंपनी के अनुसार, IPO से मिलने वाली रकम में से 371.13 करोड़ रुपये अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई PSL Retail में निवेश के लिए इस्तेमाल किए जाने का प्रस्ताव है. यह रकम भारत में एक्सपीरियंस सेंटर्स और बैक-एंड कार्यालयों से जुड़ी लीज देनदारियों के लिए निर्धारित है.
इसके अलावा 138.90 करोड़ रुपये बिक्री और मार्केटिंग खर्च पर लगाने की योजना है. शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा.
Purple Style Labs खुद को मल्टी-ब्रांड लक्जरी फैशन ओम्नी-चैनल प्लेटफॉर्म के रूप में संचालित करती है. कंपनी के मुताबिक, उसके डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 1,300 से अधिक डिजाइनरों के 2 लाख से ज्यादा उत्पाद उपलब्ध हैं और उसके 14 एक्सपीरियंस सेंटर्स हैं.
कंपनी के प्रमोटर अभिषेक अग्रवाल हैं. इस इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर Axis Capital और IIFL Capital Services हैं, जबकि रजिस्ट्रार KFin Technologies है.
