राफेल-M लड़ाकू विमान ने 29 अक्टूबर को भारतीय नौसेना के स्वदेशी विमानवाहक पोत INS विक्रांत पर पहली कोशिश में सफल लैंडिंग की. यह परीक्षण भारतीय नौसेना में इस विमान को शामिल करने की दिशा में शुरुआती महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, लैंडिंग फ्रांसीसी पायलट ने की. यह ‘फर्स्ट फ्लाइट कैंपेन’ का हिस्सा है, जिसके तहत भारतीय विमानवाहक पोत पर फ्रांसीसी लड़ाकू विमान की अनुकूलता जांची जा रही है. भारतीय नौसेना के अनुसार, सफल लैंडिंग के बाद राफेल-M से जुड़े परीक्षण जारी हैं.

STOBAR प्रणाली के साथ अनुकूलता की जांच

राफेल-M को मूल रूप से फ्रांस के चार्ल्स डी गॉल विमानवाहक पोत के लिए विकसित किया गया है, जहां CATOBAR प्रणाली का इस्तेमाल होता है. इसके विपरीत INS विक्रांत और INS विक्रमादित्य STOBAR प्रणाली पर आधारित हैं. इनमें स्की-जंप रैंप से विमान उड़ान भरता है और अरेस्टर वायर की मदद से उतरने के बाद रुकता है. मौजूदा परीक्षणों में इसी प्रक्रिया के साथ राफेल-M की क्षमता जांची जा रही है.

इससे पहले गोवा स्थित INS हंसा के शोर-बेस्ड टेस्ट फैसिलिटी में भी परीक्षण किए गए. वहां INS विक्रांत जैसी स्की-जंप रैंप व्यवस्था बनाई गई है.

भारत ने 28 अप्रैल 2025 को फ्रांस के साथ 26 राफेल-M विमानों का सौदा किया था. करीब ₹63,000 करोड़ के इस सौदे में 22 सिंगल-सीटर लड़ाकू विमान और चार ट्विन-सीटर ट्रेनर विमान शामिल हैं. डिलीवरी 2028 के अंत या 2029 की शुरुआत से शुरू होने की जानकारी दी गई है.