कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र की एलिफेंटा गुफाओं में स्थित अर्धनारीश्वर प्रतिमा की तस्वीर साझा करते हुए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की भारतीय आध्यात्मिक एवं धार्मिक परंपराओं की समझ पर सवाल उठाए हैं.
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितनी गहराई से समझ रहे हैं, उतना ही उनके लिए यह स्पष्ट होता जा रहा है कि भाजपा और आरएसएस को इन परंपराओं की समझ नहीं है. उन्होंने दोनों संगठनों को असंस्कारी, लालची, जातिवादी और पुरुषवादी बताया.
साझा की गई अर्धनारीश्वर प्रतिमा एलिफेंटा गुफाओं में है और रिपोर्ट के अनुसार यह करीब 1,500 वर्ष पुरानी है.
छह दिन में दूसरी सांस्कृतिक संदर्भ वाली पोस्ट
यह बीते छह दिनों में भारतीय धार्मिक-सांस्कृतिक कला से जुड़ी राहुल गांधी की दूसरी पोस्ट है. इससे पहले 17 नवंबर को उन्होंने 12वीं सदी की शिव-पार्वती की एक प्रतिमा की तस्वीर साझा की थी, जिसमें पार्वती को शिव की गोद में बैठे दिखाया गया था.
उस पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा था कि डर, क्रोध और नफरत ने भाजपा और आरएसएस समर्थकों के हृदय में ऐसी जकड़न पैदा कर दी है, जो उन्हें प्रेम महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकती है.
राहुल गांधी की उस पोस्ट पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था कि सामान्य मनुष्यों को शिव और पार्वती के रूप में दिखाना भक्ति नहीं है और किसी व्यक्ति को स्वयं को ईश्वर की तरह प्रस्तुत नहीं करना चाहिए.
