सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ के लॉन्च कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कैंब्रिज के दिनों की एक निजी याद साझा की. उन्होंने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को उस यूनिवर्सिटी रेस्टोरेंट में ले गए थे, जहां उनके माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी पहली बार मिले थे.
राहुल गांधी के मुताबिक, कैंब्रिज में रहते हुए उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा था कि वे यूनिवर्सिटी रेस्टोरेंट चलें. वहां पहुंचने पर उन्हें रेस्टोरेंट का पीले रंग का दरवाजा याद आया. उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारी को बताया कि उनके माता-पिता इसी जगह मिले थे.
राहुल गांधी ने बताया कि कर्मचारी ने राजीव गांधी और सोनिया गांधी को पहचानने की बात कही. इसके बाद उन्होंने कर्मचारी से मेन्यू में अच्छी डिश के बारे में पूछा. कर्मचारी ने ‘चिकन चेजर’ सुझाया, जिसके बाद दोनों ने वही डिश ऑर्डर की और खाई.
कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपनी मां से जुड़ी अन्य यादों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि परिवार ने इंदिरा गांधी की हत्या और फिर राजीव गांधी की मौत का बेहद कठिन दौर देखा.
उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी की याददाश्त बहुत अच्छी है, लेकिन राजीव गांधी की मृत्यु के समय की घटनाओं को लेकर उन्हें बहुत कम याद है. राहुल गांधी के अनुसार, पुस्तक में सोनिया गांधी और राजीव गांधी के संबंधों तथा राजीव गांधी की मृत्यु के बाद सोनिया गांधी की नई यात्रा का वर्णन किया गया है.
राहुल गांधी ने कार्यक्रम में यह भी कहा कि उन्हें राजनीति पर बात न करने के निर्देश मिले थे और वे एक बेटे के रूप में अपनी मां की कुछ झलक साझा करना चाहते थे.
