मध्य प्रदेश के इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए अब तक 1.50 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं. हालांकि, कार्यक्रम की प्रशासनिक अनुमति और आयोजन स्थल को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है.
राहुल गांधी ने बुधवार को छात्रों और युवाओं के नाम संदेश जारी कर उनसे अपनी समस्याएं, चुनौतियां और सुझाव साझा करने की अपील की. उन्होंने कहा कि वह अलग-अलग शहरों में छात्रों से मिलकर उनके मुद्दों को समझने की कोशिश कर रहे हैं. उनके मुताबिक, इस अभियान के तहत 19 सितंबर को इंदौर में छात्रों के बीच संवाद किया जाएगा.
उन्होंने छात्रों से ऑनलाइन लिंक के जरिए अपनी बात रखने और वीडियो बनाकर समस्याएं साझा करने का भी आग्रह किया. राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों की समस्याओं और सुझावों के आधार पर मिलकर उम्मीद वापस लाने का प्रयास किया जाएगा.
अनुमति और स्थल पर असमंजस
कांग्रेस के अनुसार, वह पिछले 11 दिनों से कार्यक्रम की अनुमति के लिए प्रयास कर रही है. कलेक्टर, नगर निगम, पुलिस और इंदौर विकास प्राधिकरण के स्तर पर आवेदन और संबंधित प्रक्रियाएं चल रही हैं. पार्टी ने कहा है कि अनुमति मिले या न मिले, कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
प्रशासन का कहना है कि अनुमति निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था के आकलन के बाद दी जाएगी. कलेक्टर शिवम वर्मा के अनुसार, आवेदन पुलिस विभाग को दिया जाता है और पुलिस नियमों के मुताबिक उसका परीक्षण करती है.
कांग्रेस ने आयोजन के लिए नेहरू स्टेडियम के अलावा रीजनल पार्क के सामने की जमीन का विकल्प रखा है. नगर निगम ने नेहरू स्टेडियम के लिए अनुमति पहले ही खारिज कर दी है. इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. राजगढ़ में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने छात्रों की भागीदारी बढ़ाने को लेकर बैठक भी की.
