संविधान दिवस पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संविधान को भारत की आत्मा बताया. उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक किताब नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव और अन्याय के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि संविधान हर नागरिक की गरिमा की ढाल, हर आवाज की ताकत और न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व का संरक्षक है. उन्होंने संविधान दिवस पर अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस संविधान की हर परिस्थिति में रक्षा करेगी और प्रत्येक भारतीय के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता जताई. उन्होंने नागरिकों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान के मूल आदर्शों की रक्षा करना राष्ट्रीय जिम्मेदारी है. खड़गे ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व, धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद को संविधान के प्रमुख आदर्शों के रूप में रेखांकित किया.

खड़गे ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीतिक लोकतंत्र तब तक कायम नहीं रह सकता, जब तक उसकी नींव सामाजिक लोकतंत्र पर न हो. उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस, मौलाना आजाद, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सरोजिनी नायडू और डॉ. आंबेडकर समेत अन्य राष्ट्रीय नेताओं को श्रद्धांजलि दी.

संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर देशभर में प्रदर्शन भी किए. पार्टी ने इन कार्यक्रमों के जरिए संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया.