नई दिल्ली: ‘मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ के एक दिन बाद विपक्षी INDIA ब्लॉक अपनी आगे की रणनीति पर चर्चा करेगा. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार, 13 अक्टूबर को अपने सरकारी आवास पर विपक्षी सांसदों, सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों और छात्र संगठनों को जलपान के लिए आमंत्रित किया है.
कार्यक्रम शाम 4 बजे 5, सुनहरी बाग रोड स्थित राहुल गांधी के आवास पर होने की जानकारी दी गई है. इससे पहले विपक्षी गठबंधन के नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इसमें चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष अपना रुख रख सकता है.
विपक्षी दलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सिविल सोसाइटी प्रतिनिधियों ने सोमवार को SIR और कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ दिल्ली में मार्च निकाला था. मार्च में राहुल गांधी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, डी. राजा, एम.ए. बेबी, तेजस्वी यादव और सुप्रिया सुले समेत कई नेता शामिल हुए थे.
प्रदर्शन के दौरान मध्य दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और कई जगह बैरिकेड लगाए गए. भगवान दास रोड पर कुछ प्रदर्शनकारियों के एक बैरिकेड पार करने के बाद उन्हें आगे लगाए गए दूसरे बैरिकेड पर रोक दिया गया.
इसके बाद विपक्षी गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की. याचिका में निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू तथा विवेक जोशी को पक्षकार बनाया गया है. विपक्ष का आरोप है कि SIR और कथित चुनावी अनियमितताओं से मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं. बैठक में आगे के कार्यक्रमों पर अंतिम सहमति बनेगी या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है.
