कांग्रेस नेता राहुल गांधी 14 नवंबर को हैदराबाद में गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान वह डिलीवरी एग्जीक्यूटिव, कैब ड्राइवरों और ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े अन्य कर्मचारियों से बातचीत करेंगे. वर्कर्स को अपनी समस्याएं और मांगें उनके सामने रखने का मौका मिलेगा.
कार्यक्रम हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (HICC) के पास प्रस्तावित है. इसी अवसर पर गिग वर्कर्स की एक छोटी रैली भी निकाली जाएगी. तेलंगाना सरकार कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी है और राज्यभर से बड़ी संख्या में वर्कर्स के पहुंचने की उम्मीद है.
कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा, दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार सुरक्षा, वर्कर्स का रजिस्ट्रेशन और शिकायतों के समाधान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी इनसे संबंधित सरकारी पहलों का उद्घाटन भी कर सकते हैं.
2 जून से लागू है राज्य का कानून
तेलंगाना सरकार ने गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स के कल्याण के लिए ‘तेलंगाना प्लेटफॉर्म-बेस्ड गिग वर्कर्स (रजिस्ट्रेशन, सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर) एक्ट, 2026’ बनाया है. यह कानून 2 जून से लागू है. अब 14 नवंबर को इसके तहत बनाए गए नियमों की अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है. इसी के साथ वर्कर्स के लिए वेलफेयर बोर्ड को औपचारिक रूप से शुरू किया जा सकता है.
बोर्ड का काम पूरे राज्य में कानून के प्रावधानों और कल्याण योजनाओं को लागू करना होगा. तेलंगाना के मंत्री पोन्नम प्रभाकर और गद्दम विवेक वेंकटस्वामी ने HICC के पास जयभेरी और मीनाक्षी टावर्स के नजदीक प्रस्तावित आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की है.
तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन के संस्थापक और प्रदेश अध्यक्ष शेख सलाउद्दीन ने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा और बाद के चुनाव अभियानों के दौरान वर्कर्स के कल्याण के लिए कदम उठाने का वादा किया था. उनके अनुसार, वर्कर्स की प्रस्तावित रैली में किसी राजनीतिक संगठन की भागीदारी नहीं होगी और यह कल्याण संबंधी कदमों के प्रति आभार जताने के लिए होगी.
