राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए पवित्र है और चुनावों का बहिष्कार करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म करने जैसा होगा. उन्होंने कहा कि उनकी रणनीति चुनावी प्रक्रिया से दूर जाने की नहीं, बल्कि चुनाव लड़कर लोगों को यह बताने की है कि देश में क्या चल रहा है.

राहुल गांधी ने यह बात अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ संवाद के दौरान कही. उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में समस्या होने की बात कहना भी उनके लिए कठिन है, लेकिन लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी जरूरी है.

जलवायु संकट और प्रदूषण से जुड़े सवाल पर राहुल गांधी ने दिल्ली का संदर्भ देते हुए कहा कि वहां रहने वालों के पास समय कम है. उन्होंने बताया कि वह अपने घर में एयर प्यूरिफायर लगा रहे हैं और उन्हें पूरे दिन सिरदर्द रहता है. उन्होंने दिल्ली जैसे शहरों में प्रदूषण से लोगों, खासकर बच्चों, को होने वाली परेशानियों पर चिंता जताई.

इजरायल और गाजा के मुद्दे पर राहुल गांधी ने कहा कि इजरायल में अक्टूबर की घटना की निंदा की जानी चाहिए. साथ ही, उन्होंने गाजा में हो रही कार्रवाई की भी आलोचना की. उनके अनुसार किसी एक पक्ष की गलती को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और दोनों पक्षों की गलतियों की निंदा होनी चाहिए.