इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए पुलिस ने आयोजकों के सामने 31 सुरक्षा शर्तें रखी हैं. इन शर्तों वाले दस्तावेज में 1991 में राजीव गांधी की हत्या के बाद गठित वर्मा आयोग की रिपोर्ट का भी हवाला दिया गया है. इस संदर्भ को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है.
पुलिस दस्तावेज के अनुसार आयोजकों को अपेक्षित भीड़, पुरुषों और महिलाओं की संख्या, आने-जाने के मार्ग, वाहनों और पार्किंग की जानकारी देनी होगी. कार्यक्रम स्थल पर कम से कम 1,500 स्वयंसेवक, जिनमें 500 महिलाएं शामिल हों, और 40 सीसीटीवी कैमरे लगाने की शर्त है. कैमरों की रिकॉर्डिंग 30 दिनों तक सुरक्षित रखनी होगी.
शर्तों में छह प्रवेश द्वार, आठ निकास, मेटल डिटेक्टर, अलग महिला तलाशी व्यवस्था, मंच तक नियंत्रित पहुंच और आपात निकासी गलियारे का प्रावधान शामिल है. चिकित्सा व्यवस्था के लिए कम से कम दो डॉक्टर, चार पैरामेडिक और चार एंबुलेंस तैनात करनी होंगी.
कार्यक्रम का स्थान नेहरू स्टेडियम से बदलकर रीजनल पार्क के सामने इंदौर विकास प्राधिकरण के मैदान में किया गया है. आयोजकों से शपथ पत्र, अग्नि-सुरक्षा और अन्य विभागीय मंजूरियां भी मांगी गई हैं.
