कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 24 सितंबर को शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की घोषणा की. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि संविधान के विरोधियों का पर्दाफाश हो गया है और न्याय मिलेगा. पोस्ट के साथ उन्होंने ‘वोट चोरी’ हैशटैग का इस्तेमाल किया.

प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले राहुल गांधी ने भारत में एंटी-इन्कंबेंसी को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा राजनीतिक प्रभाव है, जो जल्दी ही किसी सरकार के विरोध में खड़ा हो जाता है और इससे कोई सरकार नहीं बचती. उन्होंने इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि बांग्लादेश युद्ध के बाद लोकप्रियता के चरम पर रहने के बावजूद दो-तीन साल में उनके खिलाफ एंटी-इन्कंबेंसी पैदा हो गई थी. राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और भाजपा के अन्य नेताओं के मामले में फिलहाल ऐसा नहीं हुआ है.

चुनाव आयोग के भीतर आपत्तियों का दावा

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस ऐसे समय हो रही है जब चुनाव आयोग के भीतर विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR प्रक्रिया और आयोग के कामकाज को लेकर आपत्तियां सामने आने का दावा किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में 14 बार आपत्ति दर्ज कराई.

बताया गया है कि ये आपत्तियां SIR, नए मतदाताओं के पंजीकरण, फॉर्म-6 में बदलाव, मतदाता सूची से नाम हटाने और जोड़ने, नाम बहाल करने के आदेशों के खिलाफ अपील तथा मतदाता डेटा की सुरक्षा से जुड़े फैसलों पर थीं.

रिपोर्ट के अनुसार, फॉर्म-6 में SIR से जुड़ा एक सवाल जोड़ा गया था. इसमें आवेदक से उसके या उसके माता-पिता अथवा दादा-दादी का नाम पिछली SIR मतदाता सूची में होने के बारे में पूछा जा रहा था. विवेक जोशी ने कथित तौर पर मई में इस बदलाव पर आपत्ति जताई और कहा कि इसके लिए संबंधित नियमों में संशोधन जरूरी है. सुखबीर सिंह संधू ने भी आपत्ति का समर्थन किया और बदलाव को अनधिकृत तथा गैरकानूनी बताते हुए हटाने की मांग की.