राहुल गांधी ने देशभर में अन्याय और अपने हक के लिए लड़ रहे लोगों की आवाजों को एक साथ जोड़ने के लिए ‘सत्याग्रह’ नाम से पहल शुरू की है. उन्होंने लोगों से अन्याय के खिलाफ अपने संघर्ष की कहानी साझा करने की अपील की है.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि देश में कई लोग अपने अधिकारों के लिए अक्सर अकेले लड़ रहे हैं. उन्होंने जेन-जी, छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं के संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि हर लड़ाई की अपनी कहानी है, लेकिन अकेली उठने वाली आवाज कई बार दब जाती है.
संघर्ष की कहानियां साझा करने की अपील
पहल के तहत लोगों से अपनी कहानी भेजने को कहा गया है. राहुल गांधी के अनुसार, लोगों की कहानियां एक नक्शे पर दिखाई जाएंगी, जिससे वे देख सकेंगे कि उनके जैसे अन्य लोग भी किन मुद्दों पर संघर्ष कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि ‘सत्याग्रह’ का उद्देश्य इन आवाजों को एक साथ लाना है. पोस्ट में उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य और एकजुट होकर उसके साथ खड़े होने के संदेश का भी उल्लेख किया.
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष के नेता के रूप में वे संसद, सड़क या पत्र के माध्यम से, जहां भी जरूरत होगी, लोगों के साथ खड़े होने की कोशिश करेंगे. उन्होंने इसे अपनी जिम्मेदारी बताया.
