कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर बड़ा दावा किया. दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने उनसे बात करने की कई बार कोशिश की है और उनके मैसेज आते हैं.
राहुल गांधी ने कहा, “आप अपराधी नहीं हैं, आपसे बस करवाया जा रहा है.” उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफा देकर पद से हटने की अपील की. यह बयान राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित मार्च से पहले दिया.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े SIR के खिलाफ विरोध जारी रखने की बात कही. उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाएगा. उन्होंने देश के युवाओं से इस मुद्दे पर समर्थन देने की अपील भी की.
पुलिस कार्रवाई और विरोध पर लगाए आरोप
राहुल गांधी ने दावा किया कि दिल्ली को “जेल” में बदल दिया गया है और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि युवाओं को रोकने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए जा रहे हैं.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने पहले जंतर-मंतर पर रोका था और आगे भी रोकने की कोशिश की जा सकती है. राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर लंबे समय तक विरोध जारी रखेगा और एक महीने, दो महीने या एक साल लगने पर भी पीछे नहीं हटेगा.
राहुल गांधी ने विपक्ष के प्रस्तावित मार्च को “शिवजी की बारात” बताते हुए कहा कि इसमें कोई भी शामिल हो सकता है. रविवार को विपक्षी सांसदों ने भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर ज्ञापन सौंपने के लिए समय मांगा था.
