लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने DMK अध्यक्ष एम. के. स्टालिन से प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध करने का आग्रह किया है. चेन्नई में हुई बैठक के बाद राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी नेताओं ने स्टालिन के सामने अपनी चिंताएं रखीं और उनसे तमिलनाडु के हितों की रक्षा करने की अपील की.

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 की जा सकती है और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव का अधिकार भाजपा के राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल हो सकता है. उन्होंने कहा कि इसका असर दक्षिण भारत, खासकर तमिलनाडु, पर पड़ सकता है.

DMK अपने रुख पर कायम

बैठक में सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य विपक्षी नेता भी शामिल थे. हालांकि, बातचीत के बाद DMK ने संशोधित प्रस्ताव को समर्थन देने का अपना फैसला नहीं बदला.

स्टालिन का तर्क है कि संशोधित विधेयक में तमिलनाडु की लोकसभा सीटों की संख्या घटने से रोकने और राज्यों के मौजूदा अनुपातिक प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखने जैसी पार्टी की प्रमुख चिंताओं का समाधान किया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े विधायी प्रस्ताव पेश कर सकती है.