पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 वर्षीय बच्ची से बलात्कार और हत्या के मामले में आरोपी दिलीप राय पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई सोमवार सुबह रायगंज क्षेत्र में पश्चिम बंगाल-बिहार सीमा के पास हुई.
पुलिस के मुताबिक, राय चार दिन से फरार था. 5 नवंबर को कुलिक नदी के पास जंगल में बच्ची का निर्वस्त्र और आंशिक रूप से सड़ा हुआ शव मिलने के बाद उसकी तलाश की जा रही थी. पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी गौरी ग्राम पंचायत क्षेत्र में छिपा है.
अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी ने गोली चलाई और भागने की कोशिश की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ. उसे रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. एक अधिकारी के अनुसार, आरोपी की गोली पुलिस वाहन के टायर में लगी थी.
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पुलिस कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों में पुलिस को आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की अनुमति है. इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल में कुछ महीनों के भीतर पुलिस मुठभेड़ में आरोपी की मौत का यह चौथा मामला बताया जा रहा है.
