लोकल ट्रेन यात्रियों के लिए Rail One ऐप पर पास जारी करने की सुविधा का विस्तार किया गया है. अब कोई यात्री अपने अलावा परिवार के सदस्यों या अधिकतम पांच अन्य यात्रियों के लिए भी पास निकाल सकेगा. यह सुविधा 2 सितंबर से शुरू की गई है.

रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र ने इसके लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. पास को PDF के रूप में संबंधित यात्री के साथ साझा किया जा सकेगा. हालांकि, PDF में QR कोड और यात्री की तस्वीर साफ दिखाई देनी चाहिए. यात्री मोबाइल पर PDF या उसकी प्रिंटेड कॉपी दिखाकर यात्रा कर सकेगा. केवल चालान, आरक्षण की रसीद या UTS के कागजी पास की कॉपी मान्य नहीं होगी.

अपने लिए जारी पास की वैधता उसी दिन से शुरू होगी. वहीं, किसी दूसरे यात्री के लिए निकाले गए पास की वैधता बुकिंग के अगले दिन से शुरू होगी. अपने लिए पास निकालने वाले यात्री की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और दूसरे यात्री की न्यूनतम उम्र पांच वर्ष होनी चाहिए.

जांच के दौरान QR कोड और चेहरे का मिलान

टिकट जांच कर्मचारी पास पर मौजूद तस्वीर का यात्री के चेहरे से मिलान करेंगे. जरूरत पड़ने पर हैंडहेल्ड डिवाइस से QR कोड स्कैन कर तस्वीर और यात्री की जानकारी भी जांची जाएगी.

यदि QR कोड खराब, अस्पष्ट या छेड़छाड़ किया हुआ मिला और पास की सत्यता जांचना संभव नहीं हुआ, तो यात्री को वैध पास के बिना यात्रा करने वाला माना जा सकता है. ऐसे मामले में रेलवे नियमों के तहत जुर्माना लगाया जा सकता है.