केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन के वेतन के बराबर Productivity Linked Bonus (PLB) देने की मंजूरी दी. इस फैसले से करीब 11,40,770 गैर-राजपत्रित कर्मचारी लाभान्वित होंगे. बोनस भुगतान पर सरकार के ₹2,009.61 करोड़ खर्च होंगे.

पात्र कर्मचारी को अधिकतम ₹17,951 तक का भुगतान किया जाएगा. यह बोनस ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, स्टेशन मास्टर, पर्यवेक्षक, तकनीशियन, पॉइंट्समैन, मंत्रालयी कर्मचारियों और अन्य Group C कर्मियों को मिलेगा. रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे सुरक्षा विशेष बल के कर्मचारियों के लिए इस PLB का प्रावधान लागू नहीं है.

रेलवे कर्मचारियों के संगठन बोनस की गणना के लिए मौजूदा वेतन सीमा बढ़ाने की मांग कर रहे थे. हालांकि, कैबिनेट ने 78 दिन के बोनस की मौजूदा व्यवस्था को ही मंजूरी दी है. नियमों के अनुसार, ₹7,000 से अधिक मासिक वेतन वाले कर्मचारियों के लिए भी गणना इसी सीमा के आधार पर होगी.

सरकार के अनुसार, 2025-26 में रेलवे ने 1,670 मिलियन टन माल ढुलाई की और करीब 7.41 अरब यात्रियों को सेवा दी. यह बोनस आमतौर पर दुर्गा पूजा और दशहरा से पहले दिया जाता है.