छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी ताराचंद चोपकर अपने परिवार के साथ शिरडी पहुंचे और साईं बाबा मंदिर में सोने का नक्काशीदार मुकुट अर्पित किया. परिवार के मुताबिक, यह भेंट उनके बेटे से जुड़ी एक मन्नत पूरी होने के बाद चढ़ाई गई. मुकुट की कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है.
ताराचंद चोपकर के अनुसार, वे करीब 55 वर्षों से शिरडी आकर साईं बाबा के दर्शन करते रहे हैं. इतने लंबे समय में उनके परिवार और जीवन में कई बदलाव आए, लेकिन बाबा के प्रति उनकी आस्था बनी रही. उन्होंने कहा कि परिवार ने बेटे के लिए मन्नत मांगी थी. मन्नत पूरी होने पर साईं बाबा के प्रति श्रद्धा जताने के लिए मुकुट अर्पित करने का फैसला लिया गया.
9 तोले सोने से बना है मुकुट
परिवार के अनुसार, साईं बाबा को चढ़ाया गया मुकुट करीब 9 तोले सोने का है और उस पर बारीक नक्काशी की गई है. इसकी बाजार कीमत लगभग 14 लाख रुपये बताई गई है. ताराचंद चोपकर के लिए यह भेंट केवल सोने की कीमत तक सीमित नहीं है, बल्कि दशकों पुरानी आस्था और पूरी हुई मन्नत का प्रतीक है.
मंदिर की प्रक्रिया के अनुसार परिवार ने मुकुट अर्पित किया. इस दौरान मंदिर प्रशासन की ओर से ताराचंद चोपकर और उनके परिवार का सम्मान भी किया गया.
ताराचंद ने कहा कि साईं बाबा की उनके और उनके परिवार पर कृपा रही है, जिसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है. शिरडी मंदिर में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं और अपनी मनोकामना पूरी होने के बाद आस्था के अनुसार अलग-अलग वस्तुएं अर्पित करते हैं.
