रायपुर के कमल विहार (कौशल्या विहार) क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को लेकर रहवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) प्रशासन के सामने सात सूत्रीय मांगें रखीं. प्रतिनिधिमंडल ने बिजली, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सीवेज, पार्कों और भारी वाहनों से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की.

कमल विहार अध्यक्ष डॉ. सुजीत परिहार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने RDA CEO अवनीश शरण से मुलाकात की. CEO ने शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया. रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती और वोल्टेज के उतार-चढ़ाव की समस्या है. लंबे समय से बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू करने और ओल्ड धमतरी रोड चौक पर स्पॉट लाइट लगाने की मांग भी की गई, ताकि चौक को अंधेरे वाले क्षेत्र में बदलने से रोका जा सके.

प्रतिनिधिमंडल ने बदबूदार या दूषित पानी की शिकायतों के समाधान, जाम सीवेज चैंबरों की सफाई और सड़कों पर बह रहे गंदे पानी व कीचड़ से राहत की मांग रखी. पार्कों और उद्यानों की नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा रखरखाव की जरूरत भी बताई गई. रिहायशी क्षेत्र में भारी व्यावसायिक वाहनों और डंपरों की आवाजाही नियंत्रित करने की मांग की गई.

रहवासियों ने अवनी पब्लिक स्कूल परिसर में करीब 250 मजदूरों के रहने के लिए बनाए गए लेबर हाउस की अनुमति और भूमि उपयोग की जांच की मांग भी रखी. उन्होंने स्थल निरीक्षण के साथ फायर सेफ्टी, बिजली, पेयजल, शौचालय, सीवेज, कचरा प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की बात कही. श्रमिकों के पहचान दस्तावेजों के सत्यापन की मांग भी की गई. रहवासियों ने स्पष्ट किया कि आपत्ति नियमों के पालन और सुरक्षित-साफ रिहायशी माहौल को लेकर है.

RDA अध्यक्ष नंदे साहू से प्रतिनिधिमंडल की प्रत्यक्ष मुलाकात नहीं हो सकी. उन्होंने कमल विहार आकर रहवासियों से मिलने का आश्वासन दिया. CEO के सामने स्ट्रीट वेंडर्स, सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था और नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़ी शिकायतें भी रखी गईं.