अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने रूस पर आर्थिक दबाव बढ़ाने वाले एक बिल को 262-159 वोटों से पारित किया है. प्रस्ताव में रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रावधान है. हालांकि, यह अभी कानून नहीं बना है. इसके लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर जरूरी हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इलिनॉय से डेमोक्रेटिक सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने इस बिल के पक्ष में मतदान किया. प्रस्ताव लागू होने और उसमें भारत को शामिल किए जाने की स्थिति में भारतीय उत्पादों पर अमेरिका में 100 प्रतिशत आयात शुल्क लग सकता है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि राष्ट्रपति ट्रंप इस प्रावधान का इस्तेमाल करेंगे या इसमें भारत समेत किन देशों को शामिल किया जाएगा.

छह भारतीय-अमेरिकी सांसदों में शामिल

राजा कृष्णमूर्ति अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में मौजूद छह भारतीय-अमेरिकी सांसदों में से एक हैं. अन्य सांसदों में रो खन्ना, प्रमिला जयपाल, एमी बेरा, श्री थानेदार और सुहास सुब्रमण्यम शामिल हैं. उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक, इन पांचों सांसदों ने बिल के खिलाफ मतदान किया.

यह बिल ‘लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग ऑफ रूस एंड ईरान एक्ट’ के नाम से पेश किया गया था. इसमें रूस पर नए प्रतिबंध लगाने और रूस से ऊर्जा खरीदने वाले देशों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की व्यवस्था का प्रस्ताव है. भारत और चीन को संभावित रूप से प्रभावित होने वाले देशों में बताया गया है, क्योंकि दोनों रूस से ऊर्जा खरीदते हैं.

कृष्णमूर्ति यूक्रेन के समर्थन में भी सार्वजनिक रुख रखते हैं. मतदान से पहले उन्होंने यूक्रेन समर्थक समूह ‘इलिनॉय यूक्रेन एक्शन’ के सदस्यों से मुलाकात की थी. उन्होंने कहा था कि यूक्रेन के लोग अपनी स्वतंत्रता और संप्रभुता के लिए लड़ रहे हैं और अमेरिका को उनके साथ खड़ा होना चाहिए.