पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरे का असर बढ़ गया है. राजस्थान और मध्य प्रदेश में शीतलहर का अलर्ट है. कई मैदानी इलाकों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, मैदानी शहरों में भोपाल छठे स्थान पर रहा. राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा.
पहाड़ों में तापमान शून्य से नीचे
जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ी है. श्रीनगर में सोमवार रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही और तापमान माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. दार्जिलिंग में मंगलवार को तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा. पश्चिम बंगाल में अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिरने का अनुमान है.
दिल्ली में हवा की गुणवत्ता खराब
नई दिल्ली में मंगलवार को आंकड़े दर्ज करने वाले 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 34 पर हवा की गुणवत्ता खराब, 19 पर मध्यम और 5 पर बहुत खराब रही. एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार, अगले तीन दिन दिल्ली की हवा बेहद खराब रह सकती है.
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में घने कोहरे का यलो अलर्ट है. आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है.
