राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के चुनाव नतीजों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन वोट शेयर के आंकड़े दोनों प्रमुख दलों के बीच करीबी मुकाबले का संकेत दे रहे हैं. 10,245 वार्डों में बीजेपी ने 4,179 और कांग्रेस ने 3,613 वार्ड जीते. निर्दलीय उम्मीदवारों ने 2,273 वार्डों में जीत दर्ज की.

वोट शेयर के लिहाज से बीजेपी को 36.11 प्रतिशत और कांग्रेस को 35.14 प्रतिशत वोट मिले. निर्दलीयों के खाते में 27.75 प्रतिशत वोट रहे. 2021 के निकाय चुनाव से तुलना करें तो बीजेपी का वोट शेयर 35.11 प्रतिशत से बढ़कर करीब एक प्रतिशत ऊपर गया, जबकि कांग्रेस का वोट शेयर 40.30 प्रतिशत से घटकर 35.14 प्रतिशत रह गया. निर्दलीय और नोटा के वोट शेयर में कुल 3.16 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

नगर निगमों में बीजेपी को बढ़त

राज्य के 10 नगर निगमों में बीजेपी ने जयपुर, उदयपुर, कोटा और भीलवाड़ा में स्पष्ट बहुमत हासिल किया. कांग्रेस को बीकानेर में बहुमत मिला, जबकि अजमेर और पाली में वह सबसे बड़ी पार्टी बनी. जोधपुर, भरतपुर और अलवर में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला.

47 नगर परिषदों में बीजेपी ने 21 और कांग्रेस ने 17 में बहुमत हासिल किया. नौ नगर परिषदों में निर्दलीय पार्षदों की संख्या सबसे अधिक रही. 252 नगर पालिकाओं में बीजेपी को 149 और कांग्रेस को 95 में बहुमत मिला, जबकि आठ नगर पालिकाओं में निर्दलीय आगे रहे. कुल 309 निकायों में 145 जगह किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला.

वार्ड स्तर पर आरएलपी ने 63, आम आदमी पार्टी ने 42, सीपीआई (एम) ने 38, बसपा ने 19 और भारत आदिवासी पार्टी ने आठ सीटें जीतीं. बारां में आम आदमी पार्टी और नोखा में सीपीआई (एम) की जीत को कांग्रेस के लिए चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है.

2028 के लिए क्या संकेत?

इन नतीजों से बीजेपी को शहरी क्षेत्रों में अपनी स्थिति कायम रहने का संदेश मिला है, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में उसके 50 प्रतिशत से अधिक वोट शेयर की तुलना में निकाय चुनावों का 36.11 प्रतिशत आंकड़ा पार्टी के लिए सावधानी का संकेत भी है. कांग्रेस के लिए राहत यह है कि बीजेपी को स्पष्ट बढ़त नहीं मिली, मगर पांच प्रतिशत से अधिक वोट शेयर की गिरावट चिंता बढ़ाती है.

निर्दलीयों की बड़ी भूमिका दोनों दलों के लिए अहम है. टिकट वितरण या स्थानीय असंतोष से पैदा होने वाले बागी उम्मीदवार 2028 के विधानसभा चुनाव में समीकरण प्रभावित कर सकते हैं. हालांकि विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं, इसलिए निकाय चुनावों के आधार पर भविष्य का अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी.