राजस्थान के कई हिस्सों में मंगलवार को बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला. उदयपुर में तेज बारिश हुई, जबकि राजसमंद में बारिश के साथ ओले गिरे. चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन में आंधी के कारण 71 फीट ऊंचा रावण का पुतला गिर गया. यहां कुंभकर्ण और मेघनाद के 51-51 फीट ऊंचे पुतले भी झुक गए. बारिश के कारण पुतले भीग गए.

उत्तराखंड में तापमान शून्य से नीचे

उत्तराखंड के नौ जिलों में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12°C से नीचे दर्ज किया गया. बद्रीनाथ में पारा -8°C और केदारनाथ में -7°C तक पहुंच गया. गंगोत्री में न्यूनतम तापमान -4°C रहा, जबकि यमुनोत्री में यह 0°C दर्ज किया गया.

यूपी में वायु प्रदूषण बढ़ा

मानसून की विदाई के बाद उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में वायु गुणवत्ता खराब रही. गाजीपुर में AQI 276 दर्ज किया गया, जो सूची में सबसे अधिक था. लखनऊ का AQI 218 और कानपुर का 203 रहा. वाराणसी और मेरठ समेत अन्य शहरों में भी प्रदूषण को लेकर चिंता बनी हुई है.

मध्य प्रदेश के खंडवा, महू, हरदा, रतलाम और उज्जैन में भी मंगलवार को बारिश हुई. खंडवा, महू और हरदा में दशहरा आयोजनों के लिए लगाए गए रावण के पुतले बारिश में भीग गए.