राजस्थान के शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में तकनीकी गड़बड़ी से प्रभावित 10 मतदान केंद्रों पर बुधवार, 16 सितंबर को पुनर्मतदान शुरू हुआ. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा. यह कार्रवाई 14 सितंबर को मतगणना के दौरान EVM में आई तकनीकी समस्या की शिकायतों के बाद की गई है.

राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, पुनर्मतदान जयपुर नगर निगम के पांच, कोटा नगर निगम के तीन, जोधपुर नगर निगम के एक और सुकेत नगरपालिका के एक मतदान केंद्र पर हो रहा है. जयपुर में वार्ड 9, 18, 25 और 34 के संबंधित केंद्र शामिल हैं.

आयोग ने बताया कि संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों और रिटर्निंग अधिकारियों की रिपोर्ट की जांच के बाद पुनर्मतदान का आदेश दिया गया. जांच में पाया गया कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण प्रदर्शित नहीं हो सके वोटों की संख्या संबंधित वार्डों में विजेता और निकटतम प्रतिद्वंद्वी के बीच मतों के अंतर से अधिक थी.

पुनर्मतदान में केवल उन्हीं मतदाताओं को वोट डालने की अनुमति है, जो संबंधित मतदान केंद्रों पर पंजीकृत हैं. इन केंद्रों पर डाले गए मतों की गिनती 17 सितंबर को सुबह 8 बजे निर्धारित केंद्रों पर की जाएगी.