भारत की तीन प्रमुख ऐतिहासिक, साहित्यिक और बौद्धिक कृतियों—कल्हण की ‘राजतरंगिणी’, ‘महाभारत’ और कौटिल्य के ‘अर्थशास्त्र’—को यूनेस्को के Memory of the World Regional Register में शामिल किया गया है. यह रजिस्टर एशिया और प्रशांत क्षेत्र की दस्तावेजी विरासत को संरक्षित करने की पहल का हिस्सा है.
यह निर्णय इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित Memory of the World Committee for Asia and the Pacific (MOWCAP) के 11वें सत्र में लिया गया. तीनों कृतियों के नामांकन दस्तावेज तैयार करने में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) ने योगदान दिया. इसकी जानकारी IGNCA के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने दी.
12वीं शताब्दी में रचित ‘राजतरंगिणी’ कश्मीर के शासकों, राजनीतिक घटनाक्रम और क्षेत्र के सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन का क्रमबद्ध विवरण प्रस्तुत करती है. इतिहास लेखन में साक्ष्यों, परंपराओं और आलोचनात्मक पड़ताल के इस्तेमाल के कारण इसे भारतीय इतिहासलेखन की महत्वपूर्ण कृति माना जाता है.
‘महाभारत’ में धर्म, कर्तव्य, न्याय, सत्ता और मानवीय संबंधों जैसे विषयों पर विमर्श मिलता है. इसके दार्शनिक विचारों और सांस्कृतिक प्रभाव ने इसे दक्षिण एशिया की साझा स्मृति का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है.
वहीं, ‘अर्थशास्त्र’ शासन, राज्यकला, आर्थिक नीति, कूटनीति, प्रशासन और रणनीतिक मामलों से जुड़े विचारों का संकलन है. यह प्राचीन भारत की राजनीतिक और प्रशासनिक समझ पर प्रकाश डालता है.
वर्ष 2024 में भारत की ‘रामचरितमानस’, ‘पंचतंत्र’ और ‘सहृदयालोकलोचन’ को भी इसी क्षेत्रीय रजिस्टर में जगह मिली थी. नई प्रविष्टियों के बाद भारत की कुल क्षेत्रीय प्रविष्टियां छह हो गई हैं. यह घोषणा ज्ञान भारतम मिशन के तहत देश की पांडुलिपि विरासत को संरक्षित, प्रचारित और डिजिटाइज करने के प्रयासों के बीच हुई है.
